रविवार सुबह एयर इंडिया का विमान लंदन से मुंबई होते हुए 93 यात्रियों को लेकर इंदौर पहुंचा। अपनी जन्मभूमि पर पहुंचकर कई यात्री भावुक हो गए और बोले, ‘अपने भारत देश जैसा कोई देश नहीं है।’ ज्ञात हो कि केंद्र सरकार की ‘वंदे भारत’ योजना के तहत विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों का स्वदेश लाया जा रहा है। लंदन से पहुंचे यात्रियों में इंदौर समेत मप्र के अन्य शहरों के अलावा छत्तीसगढ़ व गुजरात के भी यात्री हैं।
देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट इंदौर की डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे लंदन से फ्लाइट इंदौर आई। इसमें आए यात्रियों में से करीब 15 यात्री इंदौर के थे। अन्य यात्रियों में मप्र के ग्वालियर, भोपाल, रतलाम, भिंड और गुजरात व छत्तीसगढ़ के भी थे। इन्हें उनके राज्यों में रवाना कर दिया गया। जिन लोगों के पास खुद की गाड़ी थी, वे अपने ड्राइवरों के साथ रवाना हो गए।
यात्रियों से मुंबई में ही क्वारंटाइन फॉर्म भरवा लिए गए थे। जब ये इंदौर पहुंचे तो एयरोब्रिज में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी जांच की। इसके बाद ही उन्हें उनका सामान दिया गया। सवा घंटा लेट आया विमान यात्रियों के मुताबिक विमान लंदन से ही लेट हुआ और अपने तय समय से एक घंटा लेट आया। इसके बाद मुंबई में विमान बदला गया। जब वह टेक ऑफ के लिए तैयार हुआ तो उसमें कुछ तकनीकी दिक्कत हो गई जिससे विमान लेट हुआ। इसके बाद अपने तय समय से सवा घंटा लेट इंदौर आया।